Rain Water Drain Project: बरसात में राहत की बड़ी पहल, अजमेर रोड को मिलेगा जलभराव से स्थायी समाधान
कमला नेहरू नगर से भांकरोटा तक बनेगा 2800 मीटर लंबा बरसाती नाला. 4 फरवरी से शुरू होगा निर्माण कार्य
Ananya soch: Rain Water Drain Project
अनन्य सोच। Urban Infrastructure Jaipur: जयपुरवासियों के लिए एक अहम और राहत भरी खबर है. हर वर्ष मानसून के दौरान (Ajmer Road Jaipur) मुख्य अजमेर रोड पर कमला नेहरू नगर से भांकरोटा के बीच होने वाले जल भराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में Jaipur Development Authority ने ठोस कदम उठाया है. बजट घोषणा वर्ष 2025-26 की अनुपालना में इस क्षेत्र में बरसाती नाले के निर्माण कार्य की शुरुआत 4 फरवरी 2026 से की जा रही है.
2800 मीटर लंबा नाला बनेगा जल निकासी की रीढ़
जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा भांकरोटा पुलिया के नीचे से प्रारंभ होकर हीरापुरा पावर हाउस तक लगभग 2800 मीटर लंबाई में आधुनिक बरसाती नाले का निर्माण किया जाएगा. इस नाले के बनने से अजमेर रोड क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी और बरसात के दौरान सड़कों पर पानी भरने की समस्या से आमजन को स्थायी राहत मिलेगी. लंबे समय से यह इलाका जल भराव के कारण यातायात बाधा और जन असुविधा का सामना करता रहा है.
4 फरवरी से सर्विस रोड पर शुरू होगा कार्य
निर्माण कार्य 04 फरवरी 2026 से मुख्य अजमेर रोड की सर्विस रोड पर प्रारंभ किया जाएगा. कार्य के दौरान सुरक्षा कारणों से सड़क के कुछ हिस्सों में यातायात को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया जाएगा. हालांकि मुख्य अजमेर रोड पर यातायात पूर्व की तरह सुचारू रूप से संचालित रहेगा, ताकि आम नागरिकों को न्यूनतम परेशानी हो.
यातायात व्यवस्था रहेगी संतुलित और सुगम
(Jaipur Traffic Update) निर्माण अवधि के दौरान यातायात संचालन को लेकर विशेष योजना तैयार की गई है. भांकरोटा से कमला नेहरू नगर की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा. जयसिंहपुरा की दिशा में जाने वाले हल्के एवं भारी वाहन सामान्य रूप से चलते रहेंगे. जिस हिस्से में निर्माण कार्य किया जाएगा, उससे पहले का ट्रैफिक पूर्व की भांति कमला नेहरू नगर की ओर जा सकेगा. इसके अलावा भांकरोटा पुलिया के नीचे स्थित सभी निकास एक साथ बंद नहीं किए जाएंगे, जिससे वाहन सर्विस रोड पर आकर दक्षिण दिशा में स्थित दूसरी सर्विस रोड के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.
मई 2026 तक पूरा होगा कार्य
जयपुर विकास प्राधिकरण के अनुसार यह महत्वपूर्ण निर्माण कार्य मई 2026 तक पूर्ण किए जाने का प्रस्ताव है. कार्य की समाप्ति तक यातायात उपरोक्त निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संचालित किया जाएगा.
जन सहयोग की अपील
जयपुर विकास प्राधिकरण ने वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे निर्माण अवधि के दौरान संयम बरतें और यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें. यह परियोजना शहर के सुनियोजित विकास और सुरक्षित यातायात व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.