Housing Schemes Rajasthan: सिटी पार्क मानसरोवर में बनेगा अटल काव्य स्मारक व अटल लोकतंत्र उपवन, कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी
राजस्थान आवासन मंडल की 254वीं बोर्ड बैठक में विकास को मिली नई दिशा
Ananya soch: Housing Schemes Rajasthan
अनन्य सोच। Jaipur City Park, Manasrovar Jaipur: राजस्थान आवासन मंडल (Rajasthan Housing Board) की 254वीं बोर्ड बैठक मंगलवार को मंडल मुख्यालय में आयोजित हुई, जिसमें (Urban Development Rajasthan) शहरी विकास, आवासीय सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकासोन्मुख निर्णयों को स्वीकृति दी गई. बैठक की अध्यक्षता नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव एवं मंडल अध्यक्ष देबाशीष पृष्टी ने की.
बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma Government) की घोषणा के अनुरूप जयपुर के मानसरोवर स्थित सिटी पार्क में अटल काव्य स्मारक एवं अटल लोकतंत्र उपवन (Atal Bihari Vajpayee Memorial) के विकास हेतु डीपीआर तैयार करने तथा वास्तुविद की नियुक्ति को प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी प्रदान की गई. यह परियोजना पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के लोकतांत्रिक विचारों, साहित्यिक योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को समर्पित होगी.
बैठक में आईजी नगर सेक्टर 34-35 में मंडल बाल संप्रेक्षण गृह के लिए 2500 वर्गमीटर भूमि उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी. इस संबंध में प्रस्ताव राज्य सरकार को अनुमोदन हेतु भेजा जाएगा. मंडल अध्यक्ष ने बताया कि नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के मार्गदर्शन में लेआउट प्लान संशोधन और भू-उपयोग परिवर्तन के लिए शीघ्र ही जिलावार शिविर आयोजित किए जाएंगे. साथ ही, इन सेवाओं को सरल, पारदर्शी और त्वरित बनाने के लिए एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया जाएगा.
बैठक में बुधवार नीलामी, प्रीमियम संपत्तियों और विभिन्न आवासीय योजनाओं को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया को आमजन के बढ़ते विश्वास का संकेत बताया गया. हनुमानगढ़ और भिवाड़ी की आवासीय योजनाओं की आवेदन अवधि 28 फरवरी तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, जबकि जयपुर, जैसलमेर सहित अन्य शहरों में शीघ्र नई आवासीय योजनाएं शुरू की जाएंगी.
इसके अलावा भूमि चिन्हांकन, ड्रोन सर्वे, आरएफएसडीएल के माध्यम से लंबित संपत्तियों के निस्तारण तथा विभिन्न आवासीय योजनाओं के विकास कार्यों के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की गईं. आवासन आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा ने निर्णयों की त्वरित क्रियान्विति के साथ-साथ मंडल संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सीमांकन, साइनेज और फेंसिंग के निर्देश दिए.
बैठक में मंडल सचिव गोपाल सिंह, उप सचिव डॉ. अशोक कुमार, मुख्य अभियंता श्री अमित अग्रवाल, टी.एस. मीणा, वित्तीय सलाहकार के.सी. कुमावत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.