Iran Israel Conflict: ईरान-इजरायल तनाव का असर जयपुर तक: खाड़ी देशों की 3 फ्लाइट्स रद्द, एयरपोर्ट पर यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
Ananya soch: Iran Israel Conflict
अनन्य सोच। Jaipur Airport News: मध्य-पूर्व में बढ़ते ईरान-इजरायल तनाव का असर अब भारत की हवाई सेवाओं पर भी दिखने लगा है. सुरक्षा कारणों और बदले हुए एयर रूट के चलते रविवार को जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए संचालित तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं. अचानक उड़ानें रद्द होने से एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई यात्रियों को घंटों तक एयरपोर्ट टर्मिनल पर इंतजार करना पड़ा.
जानकारी के अनुसार एयर अरबिया की अलसुबह 4:10 बजे जयपुर से शारजाह जाने वाली फ्लाइट निर्धारित समय पर संचालित नहीं हो सकी और इसे रद्द कर दिया गया. इसके अलावा (Air Arabia Flight) एयर इंडिया एक्सप्रेस की सुबह 8:45 बजे दुबई के लिए निर्धारित उड़ान भी रद्द कर दी गई. (Dubai Flight Cancelled) वहीं स्पाइसजेट की सुबह 9:40 बजे दुबई जाने वाली फ्लाइट भी सुरक्षा और संचालन कारणों से नहीं उड़ सकी. एयरपोर्ट पर पहुंचे कई यात्री अपने तय कार्यक्रम के अनुसार यात्रा के लिए समय से पहले पहुंच गए थे, लेकिन फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिलने के बाद उन्हें काफी निराशा हुई. कुछ यात्री एयरलाइन काउंटर पर जानकारी लेने के लिए कतारों में खड़े दिखाई दिए, जबकि कई यात्रियों को अपने आगे के कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा.
एयरलाइंस कंपनियों की ओर से प्रभावित यात्रियों को अगली उपलब्ध उड़ानों में समायोजित करने या टिकट रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. हालांकि लगातार उड़ानें रद्द होने से खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार मध्य-पूर्व क्षेत्र में जारी तनाव के कारण कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस अपने उड़ान मार्ग बदल रही हैं या अतिरिक्त सुरक्षा उपायों के चलते उड़ानों में बदलाव कर रही हैं. इसका असर जयपुर सहित देश के कई एयरपोर्ट्स पर देखने को मिल सकता है.