जयपुर में सजी कला की अद्भुत दुनिया: परंपरा और आधुनिकता का संगम

आईसीए और दर्शनम आर्ट गैलरी की प्रदर्शनी में दिखा कला, समुदाय और कृतज्ञता का अनूठा मेल

जयपुर में सजी कला की अद्भुत दुनिया: परंपरा और आधुनिकता का संगम

अनन्य सोच। सी-स्कीम स्थित आईसीए और दर्शनम आर्ट गैलरी की ओर से आयोजित विशेष आर्ट प्रदर्शनी में ट्राइबल, कंटेम्पररी और ट्रेडिशनल आर्ट फॉर्म्स का शानदार संगम देखने को मिला। इस प्रदर्शनी ने न केवल जयपुर, बल्कि पूरे भारत की विविध कला परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत कर दर्शकों को आकर्षित किया।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अमेरिकी आर्ट हिस्टोरियन एवं कलेक्टर मिचेल एस. क्राइट्स और सोशल एंटरप्रिन्योर साधना गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ आर्ट क्यूरेटर विजेंद्र बंसल, अभिनव बंसल, ठाकुर दुष्यंत सिंह नायला, ठाकुर हमेंद्र सिंह बेदा सहित कई गणमान्य अतिथि और कला प्रेमी मौजूद रहे।

देश-विदेश के कलाकारों की उत्कृष्ट कृतियां

इस प्रदर्शनी में पद्मश्री सम्मानित भूरी बाई, चिंतन उपाध्याय और रियाजुद्दीन जैसे प्रमुख कलाकारों के साथ अनेक प्रतिष्ठित कलाकारों की कृतियां प्रदर्शित की गईं। इन कलाकृतियों में भारतीय संस्कृति, लोक जीवन और आधुनिक विचारों का अद्भुत समावेश देखने को मिला।

कला और समुदाय का सेतु

यह आयोजन जयपुर की समृद्ध कला परंपरा और समकालीन रचनात्मकता के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में सामने आया। प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल कला प्रदर्शन नहीं, बल्कि समुदाय और कलाकारों के बीच संवाद स्थापित करना भी रहा।

यह पहल कला, समुदाय और कृतज्ञता के भाव को समर्पित रही, जिसमें उन कलाकारों को सम्मानित किया गया जो निरंतर भारतीय कला विरासत को समृद्ध कर रहे हैं। इस आयोजन ने जयपुर की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती प्रदान की।