पत्थरों में बसी कहानियां: जयपुर के कलाकार राजकुमार गुप्ता की पेबल आर्ट ने अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में लूटी वाहवाही

नोएडा की आर्ट लाइफ गैलरी में चार दिनों तक सजी कला की दुनिया, विदेशी कलाकारों के बीच जयपुर की प्रतिभा रही सबसे खास

पत्थरों में बसी कहानियां: जयपुर के कलाकार राजकुमार गुप्ता की पेबल आर्ट ने अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में लूटी वाहवाही

 Ananya soch: International Exhibition

अनन्य सोच। नोएडा के सेक्टर-44 स्थित द आर्ट लाइफ गैलरी (Noida Art Gallery) में आयोजित 4 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनी का रविवार को भव्य समापन हुआ। 26 मार्च से शुरू हुए इस कला महोत्सव में भारत के साथ-साथ कजाकिस्तान, थाईलैंड और इंडोनेशिया के कलाकारों ने अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। विविध रंगों, शैलियों और माध्यमों से सजी इस प्रदर्शनी ने कला प्रेमियों को एक अनूठा अनुभव दिया। हालांकि प्रदर्शनी में कई आकर्षक कलाकृतियां मौजूद थीं, लेकिन Jaipur Artist Rajkumar Gupta की Pebble Art ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। साधारण से दिखने वाले नदी के पत्थरों को उन्होंने बिना किसी काट-छांट के अपनी कल्पनाशीलता से ऐसा जीवंत रूप दिया कि हर दर्शक ठहरकर उन्हें निहारने को मजबूर हो गया।

उनकी कलाकृतियों में मानवीय भावनाओं का अद्भुत चित्रण देखने को मिला। कहीं मां अपने बच्चे का हाथ थामे स्नेह लुटाती नजर आई, तो कहीं प्रेम में डूबे युगल की भावनाएं पत्थरों पर उकेरी गईं। वहीं, कुछ आकृतियां गहरी सोच में डूबे युवा की मानसिक अवस्था को दर्शाती नजर आईं। इन कलाकृतियों को देखकर ऐसा महसूस हुआ जैसे हर पत्थर अपनी एक अनकही कहानी बयां कर रहा हो।

विधिक पेशे से जुड़े राजकुमार गुप्ता का मानना है कि प्रकृति का हर पत्थर अपने भीतर एक खास कहानी और भावना समेटे होता है। इसी विश्वास के साथ उन्होंने पेबल आर्ट को अपनी अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया और आज उनकी यह कला अंतरराष्ट्रीय मंच पर सराही जा रही है।

इस प्रदर्शनी के समापन के साथ यह स्पष्ट हो गया कि जयपुर के कलाकार न केवल देश में, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी रचनात्मक पहचान स्थापित कर रहे हैं।