अनन्य सोच। International Women’s Day के उपलक्ष्य में रविवार सुबह जयपुर शहर उत्साह, ऊर्जा और महिला सशक्तिकरण के रंगों में रंग गया, जब ‘जोलो लेबल पिंक वुमनिया फन कार रैली’ का भव्य आयोजन किया गया. सुबह 7 बजे मानसरोवर स्थित सिटी पार्क से शुरू हुई यह रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई ग्लोबल हेल्थ एंड वेलनेस फेस्टिवल, बिड़ला ऑडिटोरियम पहुंचकर संपन्न हुई. महिला स्वास्थ्य जागरूकता, ट्रैफिक नियमों के प्रति सजगता और महिलाओं के आत्मविश्वास व ड्राइविंग कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से Pink Womania Club द्वारा आयोजित इस रैली को जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, फाउंडर कनु मेहता, आईएएस नीरज के. पवन, एडिशनल डीजी (ट्रैफिक) डॉ. बी.एल. मीणा, चीफ इंजीनियर प्रतीक श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. करीब 100 से अधिक आकर्षक रूप से सजी कारों और लगभग 500 महिलाओं की सहभागिता ने आयोजन को भव्यता प्रदान की. महाराष्ट्र, हरियाणा और राजस्थानी वेशभूषा के साथ पुलिस एवं डाकू थीम में सजी महिलाओं के समूह आकर्षण का केंद्र बने. “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ”, “महिलाओं की शक्ति-देश की उन्नति” जैसे सशक्त संदेशों से सजी कारों ने सामाजिक जागरूकता को नई दिशा दी. प्रीति बब्बर और साबरा खान की टीम द्वारा ट्रैफिक अवेयरनेस थीम पर सजाई गई कार को विशेष सराहना मिली. संगीत, नृत्य और फूलों की होली के साथ माहौल उत्सवमय बना रहा. (Health & Wellness Festival) बिड़ला ऑडिटोरियम में महिला स्वास्थ्य पर टॉक शो आयोजित हुआ. समापन पर विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मोमेंटो और आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया. यह रैली महिला एकजुटता, जागरूकता और सकारात्मक सामाजिक बदलाव का प्रेरक प्रतीक बनकर सामने आई.