राजस्थानी सिनेमा को मिली नई रफ्तार: शॉर्ट मूवी फेस्टिवल ने जगाई नई उम्मीदें
अनन्य सोच। राजस्थानी सिनेमा के पुनरुत्थान को नई दिशा देने के उद्देश्य से 14 अप्रैल 2026 को साइंस पार्क ऑडिटोरियम, शास्त्री नगर में भव्य शॉर्ट मूवी फेस्टिवल का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन ने न केवल क्षेत्रीय सिनेमा को मंच प्रदान किया, बल्कि नई प्रतिभाओं को भी अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर दिया। यह फेस्टिवल शंकर पोद्दार, GAIT Infotech (उदयपुर), RAMS थिएटर ग्रुप, A.G. Films & Production House, K3 Film Production (ज्योत्सना कौशिक) एवं TAABAR Productions (जॉर्ज ग्रोवर) के संयुक्त सहयोग से आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिव सिंह शेखावत ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन राजस्थानी फिल्म इंडस्ट्री को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जीवनी पर आधारित नाटक “मौन से महासमर” के चुनिंदा दृश्यों का मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बाल कलाकार नियति की कविता “स्त्री” और गोविंदा गुर्जर के देशी नृत्य ने दर्शकों का दिल जीत लिया। फेस्टिवल में सामाजिक सरोकार से जुड़ी शॉर्ट फिल्मों जैसे “एक कॉल की दूरी”, “अनमोल”, “बिना फाटक की रेलवे लाइन”, “हमारी बेटियां” (ट्रेलर) और “वापसी” की स्क्रीनिंग की गई, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। इन फिल्मों ने समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ सशक्त संदेश भी दिया। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक ज्योत्सना कौशिक, अनीश गौर, जॉर्ज ग्रोवर और सुशील शर्मा रहे, जिनके कुशल संचालन से आयोजन बेहद सफल रहा। लगभग 160 प्रतिभागियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। कार्यक्रम के अंत में लेखक-निर्देशक जॉर्ज ग्रोवर का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया गया, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया। यह आयोजन राजस्थानी सिनेमा के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित हुआ।