विरार को मिली विश्वस्तरीय नेत्र चिकित्सा की सौगात, ‘दृष्टि आई हॉस्पिटल’ का अत्याधुनिक केंद्र हुआ उद्घाटित
अनन्य सोच। विरार क्षेत्र के नेत्ररोगियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। विरार पश्चिम में ‘दृष्टि आई हॉस्पिटल’ के विस्तारित और अत्याधुनिक केंद्र का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में उद्घाटन किया गया। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब स्थानीय नागरिकों को उच्चस्तरीय नेत्र चिकित्सा और जटिल शल्यक्रियाओं के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उन्हें विश्वस्तरीय सेवाएं अपने ही शहर में उपलब्ध होंगी।
उद्घाटन से पूर्व आयोजित पत्रकार परिषद में अस्पताल की आधुनिक पायाभूत सुविधाओं और व्यापक नेत्र सेवाओं की जानकारी साझा की गई। इस दौरान लोकनेते हितेंद्र ठाकूर, पूर्व विधायक क्षितिज ठाकूर, वसई-विरार महानगरपालिका के प्रथम महापौर राजीव पाटील, वर्तमान महापौर अजीव पाटील, पूर्व नगरसेवक एवं स्थायी समिति के प्रथम सभापति जितुभाई शाह तथा VMA और IDA के पूर्व अध्यक्ष डॉ. प्रवीण क्षीरसागर सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विरार में वैश्विक स्तर की चिकित्सा तकनीक उपलब्ध कराने की इस पहल की सराहना की।
अस्पताल के संस्थापक एवं संचालक डॉ. हेमंत चासिया (एमएस ऑप्थाल्मोलॉजी, डीओएमएस) के नेतृत्व में यह संस्थान पिछले कई वर्षों से उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कर रहा है। मुंबई के KEM अस्पताल में प्रशिक्षित डॉ. चासिया को 28 वर्षों का समृद्ध अनुभव प्राप्त है। उन्होंने वर्ष 2007 में गोकुल टाउनशिप, विरार पश्चिम में इस अस्पताल की स्थापना की थी। पिछले 19 वर्षों में अस्पताल ने 20,000 से अधिक सफल मोतियाबिंद सर्जरी की हैं और LASIK, Epi-LASIK तथा ब्लेडलेस LASIK जैसी उन्नत प्रक्रियाओं में विशेषज्ञता हासिल की है।
नए केंद्र का मुख्य आकर्षण विरार का पहला ‘अल्ट्रा एचडी LASIK’ मशीन है, जिसमें जर्मन तकनीक, 500 हर्ट्ज़ की तेज गति और 5D 1050 आई ट्रैकर जैसी अत्याधुनिक विशेषताएं शामिल हैं। यह तकनीक चश्मे का नंबर अत्यंत सटीक और सुरक्षित तरीके से हटाने में सक्षम है।
इस अवसर पर डॉ. चासिया ने कहा, “रोगियों का विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। यह विस्तार हमारे लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जिससे हम स्थानीय स्तर पर वैश्विक सेवाएं उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को और सशक्त बना रहे हैं।”
नवीन ‘दृष्टि आई हॉस्पिटल’ में मोतियाबिंद, रिफ्रेक्टिव सर्जरी, ग्लूकोमा उपचार, रेटिना केयर तथा अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं। यह सुविधा यशवंत प्रेस्टीज बिल्डिंग, डी-मार्ट के पास, न्यू विवा कॉलेज के सामने, विरार (पश्चिम) में स्थित है।