श्रम दिवस पर जागरूकता और स्वास्थ्य का संगम: 485 श्रमिकों को मिला लाभ
विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल—मेडिकल कैम्प, श्रम कार्ड और योजनाओं की जानकारी से सशक्त हुए श्रमिक
अनन्य सोच। अन्तरराष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर द्वितीय द्वारा विशेष जागरूकता शिविर और मेडिकल कैम्प का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अध्यक्ष, जिला एवं सेशन न्यायाधीश, जयपुर महानगर द्वितीय के निर्देशन में राजकीय महात्मा गांधी सीनियर सैकण्डरी स्कूल, बडौदिया बस्ती, जयपुर में संपन्न हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव (अतिरिक्त जिला न्यायाधीश) पल्लवी शर्मा ने जानकारी दी कि यह पहल नालसा द्वारा जारी योजनाओं के तहत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से की गई। शिविर में श्रमिकों के श्रम कार्ड बनवाए गए, जिससे वे राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए एक विशेष मेडिकल कैम्प का आयोजन भी किया गया। गीतांजलि हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित इस कैम्प में श्रमिकों का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक उपचार प्रदान किया गया। साथ ही उन्हें आगे की जांच के लिए अस्पताल आने के लिए परामर्श भी दिया गया।
इसके अतिरिक्त गुलाबबाड़ी उद्यान, बनी पार्क में मेहनतकश कल्याण एवं संदर्भ केन्द्र संस्था के सहयोग से श्रमिकों को मजदूर डायरी वितरित की गई, जिससे वे अपने कार्य और अधिकारों का रिकॉर्ड रख सकें।
इस पूरे अभियान में कुल 485 श्रमिकों और आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिला। कार्यक्रम में श्रम विभाग के अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।