बीमा क्षेत्र में बड़ी साझेदारी: जियो–आलियांज का 50:50 जॉइंट वेंचर, हर भारतीय तक पहुंचेगी आसान और सस्ती सुरक्षा
डिजिटल ताकत और वैश्विक अनुभव का संगम—‘2047 तक सभी के लिए बीमा’ विजन को मिलेगा नया बल
अनन्य सोच। भारत के बीमा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (JFSL) और वैश्विक बीमा कंपनी आलियांज ग्रुप (Allianz Europe BV) ने जनरल और हेल्थ इंश्योरेंस सेवाओं के लिए 50:50 संयुक्त उद्यम बनाने का बाध्यकारी समझौता किया है। यह साझेदारी जुलाई 2025 में घोषित सहयोग को औपचारिक रूप देती है और भारत सरकार के ‘2047 तक सभी के लिए बीमा’ विजन को साकार करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
यह गठबंधन जियो की मजबूत डिजिटल पहुंच और भारतीय बाजार की समझ को आलियांज के 136 वर्षों के वैश्विक अनुभव के साथ जोड़ता है। दोनों कंपनियां अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से किफायती, सरल और सुलभ बीमा समाधान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, विशेष रूप से देश के तेजी से बढ़ते मध्यम वर्ग और युवा आबादी को ध्यान में रखते हुए।
हर वर्ग तक बीमा की पहुंच बढ़ाने पर फोकस
इस संयुक्त उद्यम के जरिए जनरल और हेल्थ इंश्योरेंस के साथ-साथ लाइफ इंश्योरेंस क्षेत्र में भी भविष्य में विस्तार की योजना बनाई जा रही है। इससे देशभर में बीमा सेवाओं की पहुंच और प्रभावशीलता में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश डी. अंबानी ने कहा कि जियो की डिजिटल शक्ति और आलियांज की विशेषज्ञता मिलकर विश्व स्तरीय बीमा सेवाएं देश के हर कोने तक पहुंचाएगी। वहीं, आलियांज एसई के सीईओ ओलिवर बाते ने इसे समावेशी आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
आवश्यक नियामकीय मंजूरियों के बाद यह संयुक्त उद्यम जल्द ही अपना संचालन शुरू करेगा, जिससे भारतीय नागरिकों और व्यवसायों को बेहतर वित्तीय सुरक्षा मिलेगी।