राज मंदिर में गूंजा ‘अंतस 2’ का जादू: सितारों की मौजूदगी में जयपुर प्रीमियर बना यादगार उत्सव

प्रेम, सादगी और राजस्थान की खूबसूरती से सजी फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स, तालियों से गूंज उठा सिनेमा हॉल

राज मंदिर में गूंजा ‘अंतस 2’ का जादू: सितारों की मौजूदगी में जयपुर प्रीमियर बना यादगार उत्सव

अनन्य सोच सोनम टेली फिल्म्स के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित हिंदी फिल्म अंतस 2 का जयपुर प्रीमियर शहर के प्रतिष्ठित राज मंदिर सिनेमा में धूमधाम से आयोजित हुआ। प्रीमियर के दौरान दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता था और पूरा सिनेमा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस खास मौके पर निर्देशक सुरेंद्र स्वामी, प्रोड्यूसर सुरेश कुमार, अभिनेत्री श्रेया खन्ना, अभिनेता आलोक भारद्वाज और लेखक महेश रुणिवाल सहित कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं। साथ ही अनीता जाटव, अमजद खान, राज जांगिड़, श्रवण सागर, आरके सारा, राजवीर गुर्जर बस्सी, चरण सिंह पथिक, राधेश्याम पीपलवा और गणेश महाराज की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

यह निर्देशक सुरेंद्र स्वामी की पहली बड़े स्तर की फिल्म है, जिसे दर्शकों और फिल्म जगत से भरपूर सराहना मिली। प्रीमियर के दौरान अतिथियों ने फिल्म के निर्देशन, कहानी और कलाकारों के सहज अभिनय की जमकर तारीफ की।

 सादगी भरी प्रेम कहानी का जादू
राजस्थान की खूबसूरत लोकेशनों—जयपुर की सड़कों, राजसमंद और उदयपुर की झीलों—की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म दो अनजान लोगों के बीच पनपते प्रेम की भावनात्मक कहानी को दर्शाती है। ‘अंतस’ की सफलता के बाद आए इस सीक्वल में श्रेया खन्ना और आलोक भारद्वाज की जोड़ी ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

फिल्म में श्रेया खन्ना एक ऐसी युवती का किरदार निभा रही हैं, जो अपने प्रेमी की तलाश में जयपुर आती है और एक सरल स्वभाव के टैक्सी ड्राइवर (आलोक भारद्वाज) से मिलती है। उसकी सादगी से प्रभावित होकर वह उससे प्रेम करने लगती है। आलोक भारद्वाज ने अपने किरदार को बेहद सहजता और प्रभावी ढंग से निभाया है।

 कलाकारों के अनुभव और भावनाएं
निर्देशक सुरेंद्र स्वामी ने इसे अपने सपनों का सच बताते हुए दर्शकों के प्यार के लिए आभार जताया। श्रेया खन्ना ने जयपुर में मिले उत्साहपूर्ण स्वागत को अपने करियर का अहम पड़ाव बताया, वहीं आलोक भारद्वाज ने आम व्यक्ति के किरदार को निभाने को चुनौतीपूर्ण लेकिन यादगार अनुभव कहा।

प्रोड्यूसर सुरेश कुमार ने फिल्म की सफलता पर खुशी जताते हुए टीम की मेहनत और गुणवत्ता पर जोर दिया। वहीं लेखक महेश रुणिवाल ने फिल्म को बॉलीवुड और राजस्थान की संस्कृति का सुंदर संगम बताया।

प्रीमियर के दौरान उपस्थित सभी मेहमानों ने फिल्म के विजन और नैचुरल एक्टिंग की सराहना की। साथ ही, भविष्य में राजस्थान में और अधिक फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने की बात भी कही गई।