नादौती एसडीएम रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप: 60 हजार की घूस के साथ 4 लाख की संदिग्ध राशि बरामद

एसीबी की बड़ी कार्रवाई, रीडर और वरिष्ठ सहायक भी गिरफ्त में; भूमि डिक्री के बदले मांगी गई थी रिश्वत

नादौती एसडीएम रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप: 60 हजार की घूस के साथ 4 लाख की संदिग्ध राशि बरामद

अनन्य सोच। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीबी ने करौली जिले के नादौती उपखंड में एसडीएम सहित तीन अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी की इस कार्रवाई में 60 हजार रुपये की रिश्वत राशि के साथ 4 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी भी बरामद की गई है।

एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के निर्देश पर सवाई माधोपुर इकाई ने यह ट्रैप कार्रवाई की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी भूमि की फाइनल डिक्री जारी करने के बदले एसडीएम काजल मीना, अपने रीडर दिनेश सैनी के माध्यम से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही थीं। सत्यापन के दौरान कुल 60 हजार रुपये की मांग सामने आई।

ट्रैप में ऐसे पकड़े गए आरोपी

एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी रीडर दिनेश सैनी और वरिष्ठ सहायक प्रवीण धाकड़ को रिश्वत लेते हुए पकड़ा। जांच के दौरान एक बैग से 60 हजार रुपये की रिश्वत राशि और 4 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद हुई। इस पर एसडीएम काजल मीना सहित तीनों आरोपियों को डिटेन किया गया।

जांच जारी, और खुलासे संभव

यह कार्रवाई डीआईजी रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान सिंह चौधरी द्वारा की गई। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और आईजी एस. परिमला के निर्देशन में मामले की गहन जांच जारी है।

एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।