डिजिटल जयपुर की ओर बड़ा कदम: जेडीए की ऑनलाइन सेवाओं और विकास योजनाओं पर विशेष कार्यशाला सफल

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स व मीडिया प्रतिनिधियों को दी गई पारदर्शी सेवाओं, ई-जनसुनवाई और लैंड पूलिंग योजनाओं की विस्तृत जानकारी

डिजिटल जयपुर की ओर बड़ा कदम: जेडीए की ऑनलाइन सेवाओं और विकास योजनाओं पर विशेष कार्यशाला सफल

अनन्य सोच। Social Media Workshop: Jaipur Development Authority (JDA) द्वारा शहर के सुनियोजित विकास और नागरिक सेवाओं को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यशाला (E-Jansunwai) का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित हुई, जिसमें सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने की। इस अवसर पर जेडीए सचिव श्री गौरव सैनी, सलाहकार (आईटी) आर.के. शर्मा, सिस्टम एनालिस्ट महिपाल चंपावत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। (Digital Services) सभी अधिकारियों ने प्रतिभागियों को जेडीए की ऑनलाइन सेवाओं, डिजिटल नवाचारों और विकास योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। महाजन ने अपने संबोधन में कहा कि जेडीए की पारदर्शी प्रक्रियाओं और नागरिक हितैषी योजनाओं की सटीक जानकारी आमजन तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने इन्फ्लुएंसर्स और मीडिया से अपील की कि वे तथ्यात्मक जानकारी साझा करें, जिससे जनता में किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।

पट्टा प्रक्रिया और सेवाओं की समझ  (Land Pooling Scheme) 
कार्यशाला में जेडीए की प्रमुख सेवाओं, विशेष रूप से पट्टा आवेदन से लेकर पंजीयन तक की पूरी प्रक्रिया को आसान और चरणबद्ध तरीके से समझाया गया। इसके साथ ही जेडीए के प्रशासनिक ढांचे, जोनल व्यवस्था और विकास गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला गया।

 ई-जनसुनवाई से बढ़ी पारदर्शिता
जेडीए द्वारा शुरू की गई ई-जनसुनवाई प्रणाली को कार्यशाला का मुख्य आकर्षण माना गया। यह सेवा प्रतिदिन दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक संचालित होती है, जिसमें शिकायतकर्ता को उसी दिन डिजिटल लिंक के माध्यम से सुनवाई की सुविधा मिलती है। अब तक 1007 से अधिक ई-जनसुनवाई आयोजित की जा चुकी हैं। पूरी प्रक्रिया डिजिटल रिकॉर्ड होने से जवाबदेही और पारदर्शिता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

इसके अलावा, GIS आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग के माध्यम से अवैध निर्माण, अतिक्रमण और लीज से जुड़े मामलों पर नजर रखी जा रही है। नागरिकों को फर्जी भूखंड विक्रेताओं से बचाने के लिए पोर्टल पर जरूरी सूचनाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

 ट्रैफिक और इंफ्रास्ट्रक्चर में नवाचार
शहर में यातायात दबाव को कम करने के लिए जेडीए द्वारा रोटरी, यू-टर्न और लेफ्ट फ्री टर्न जैसे आधुनिक इंजीनियरिंग समाधान लागू किए जा रहे हैं। इन्फ्लुएंसर्स से अपील की गई कि वे अपने प्लेटफॉर्म के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाएं।

 स्पोर्ट्स और कम्युनिटी सुविधाओं का विस्तार
जेडीए द्वारा कम्युनिटी सेंटर्स का आधुनिक रूप में पुनर्विकास किया जा रहा है। जोन-2 में विकसित हो रहा वाइब सेंटर ओपन थिएटर, जिम, लाइब्रेरी और अन्य सुविधाओं से लैस होगा। साथ ही, शहर में सस्ती दरों पर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की योजना भी साझा की गई।

 लैंड पूलिंग स्कीम से सुनियोजित विकास
शहर के व्यवस्थित विस्तार के लिए लैंड पूलिंग स्कीम (LPS) को लागू किया जा रहा है। इसके तहत भूमि मालिकों को विकसित भूमि का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा वापस मिलेगा। शिवदासपुरा, अचरावाला और अजमेर रोड सहित कई क्षेत्रों में इस योजना का खाका तैयार किया जा चुका है।

कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों ने जेडीए की पहल की सराहना की। आयुक्त महाजन ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सुझावों से भविष्य की योजनाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।