रंगों का उत्सव आने को तैयार: “रंग-ए-राजस्थान आर्ट एग्ज़ीबिशन” का भव्य आगाज़ 17 अप्रैल से
अविनाश। एक महीने तक सजेगी कला की अनोखी दुनिया
अनन्य सोच। Rajasthan Art Exhibition: राजस्थान की समृद्ध कला, परंपरा और आधुनिक अभिव्यक्तियों का अद्भुत संगम जल्द ही देखने को मिलेगा। RIC Jaipur द्वारा “रंग-ए-राजस्थान आर्ट एग्ज़ीबिशन” का आयोजन 17 अप्रैल से 17 मई 2026 तक किया जा रहा है। प्रदर्शनी का समय प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक रहेगा, जबकि उद्घाटन समारोह 17 अप्रैल को शाम 5:00 बजे आयोजित होगा।
50 कलाकार, 50 कहानियां—एक मंच पर कला का संगम
RIC की प्रथम मंजिल स्थित आर्ट गैलरी में आयोजित इस विशेष प्रदर्शनी में राजस्थान के लगभग 50 कलाकारों की एक-एक उत्कृष्ट कलाकृति प्रदर्शित की जाएगी। यह “एग्ज़ीबिशन-कम-सेल” होगी, जहां कला प्रेमी न केवल कलाकृतियों का आनंद ले सकेंगे, बल्कि उन्हें खरीद भी सकेंगे। पेंटिंग्स की कीमत ₹10,000 से ₹8,00,000 तक निर्धारित की गई है।
कलाकारों के लिए सुनहरा मौका, सिर्फ 5% कमीशन
इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि इसे RIC के फाउंडेशन डे के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। साथ ही, इसी मंच से नई आर्ट गैलरी का उद्घाटन भी होगा, जो कला जगत के लिए नई शुरुआत का प्रतीक बनेगा।
जहां आमतौर पर आर्ट गैलरी 30% से 50% तक कमीशन लेती हैं, वहीं RIC ने कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए केवल 5% कमीशन तय किया है—यह कदम कलाकारों के हित में एक सराहनीय पहल है।
परंपरा से आधुनिकता तक—हर रंग का जश्न
इस प्रदर्शनी में समकालीन, लोक और पारंपरिक कला शैलियों का बेहतरीन संगम देखने को मिलेगा। साथ ही RIC के स्थायी संग्रह की कुछ खास कलाकृतियां भी प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें देश के नामी कलाकारों के कार्य शामिल हैं।
तीन पीढ़ियों के कलाकारों की रचनात्मक प्रस्तुति
इस आर्ट एग्ज़ीबिशन में वरिष्ठ, मध्यम और युवा—तीनों पीढ़ियों के कलाकार भाग ले रहे हैं। वरिष्ठ कलाकारों में देवकीनंदन शर्मा, शबीह हसन काजी, भवानी शंकर शर्मा, दीपिका हज़रा, समुदर सिंह खंगारोट, नाथूलाल वर्मा, सुब्रतो मंडल, विनोद भारद्वाज, प्रमोद आर्या, गोपाल स्वामी खेतांची, श्वेत गोयल, निकहत तस्नीम काजी, अमिता राज गोयल, कृष्णा महावर, लखन सिंह जाट, आमिर हरित, अमित कला, जगदीश प्रकाश मीना और ब्लू पेंटर शरद भारद्वाज शामिल हैं।
इसके अलावा विनोद नागर, नीता घलोट्रा, चंद्रशेखर सैनी और लक्षपाल सिंह राठौड़ की कृतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जबकि युवा कलाकार ऋतिक पटेल, दिशांक शर्मा, विकास मीना और शिवानी सिंह नई सोच को प्रस्तुत करेंगे।
अनुभवी क्यूरेशन और खुला आमंत्रण
इस प्रदर्शनी का क्यूरेशन प्रसिद्ध क्यूरेटर निकहत अंसारी द्वारा किया गया है। RIC के डायरेक्टर निहालचंद गोयल के सहयोग से यह आयोजन कलाकारों के लिए एक सशक्त मंच बन रहा है।
सभी कला प्रेमियों, कलाकारों और मीडिया को इस रंगारंग कला उत्सव का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया गया है।