181 हेल्पलाइन बना आमजन का भरोसेमंद सहारा: नीरज के. पवन ने किया निरीक्षण, त्वरित समाधान पर जोर

181 हेल्पलाइन बना आमजन का भरोसेमंद सहारा: नीरज के. पवन ने किया निरीक्षण, त्वरित समाधान पर जोर

अनन्य सोच। इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान के महानिदेशक नीरज के. पवन ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का निरीक्षण किया और इसकी कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और 181 हेल्पलाइन इस दिशा में एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है।

निरीक्षण के दौरान नीरज के. पवन ने बताया कि हेल्पलाइन के जरिए बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लिया जा रहा है। संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कर रहे हैं, जिससे आमजन को राहत मिल रही है।

इस अवसर पर आरआईएसएल के समूह महाप्रबंधक जी.के. शर्मा ने संपर्क पोर्टल की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि पोर्टल के प्रमुख मॉड्यूल—ग्रीवेंस मैनेजमेंट, सर्विस डिलीवरी मॉनिटरिंग, रियलिटी चेक सर्वे, ई-जनसुनवाई एवं निरीक्षण—के माध्यम से शिकायतों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाती है। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से प्राप्त शिकायतों का विभिन्न स्तरों पर विश्लेषण कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि भजन लाल शर्मा के निर्देशानुसार सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर स्वयं हेल्पलाइन पर उपस्थित होकर परिवादियों से सीधा संवाद कर रहे हैं। इससे शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है।

नियमित निरीक्षणों और सतत मॉनिटरिंग के चलते हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित समाधान के साथ-साथ नागरिक संतुष्टि दर में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।