‘राजा शिवाजी’ को अजय देवगन का सलाम: रिलीज से पहले बढ़ा उत्साह

रितेश देशमुख की मेगा फिल्म को मिला बॉलीवुड सपोर्ट, 1 मई को होगी भव्य रिलीज

‘राजा शिवाजी’ को अजय देवगन का सलाम: रिलीज से पहले बढ़ा उत्साह

अनन्य सोच। ऐतिहासिक फिल्म राजा शिवाजी की रिलीज जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, दर्शकों के बीच इसका उत्साह तेजी से बढ़ रहा है। महान योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनकी विरासत पर आधारित इस फिल्म को रितेश विलासराव देशमुख ने डायरेक्ट, लिखा, प्रोड्यूस करने के साथ-साथ अभिनय भी किया है। फिल्म जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले तैयार की गई है।

फिल्म को लेकर अब अजय देवगन ने भी अपना समर्थन जाहिर किया है, जिससे इसका क्रेज और बढ़ गया है। अजय देवगन, जिन्होंने तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर में मुख्य भूमिका निभाई थी, ने उसी अंदाज में फिल्म को सलाम किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘छत्रपति’ गीत शेयर करते हुए लिखा, “तान्ह्या च्या नमन, राजे! यह शानदार लग रहा है! #राजा शिवाजी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं @riteishd जय शिवराय!”

इस भव्य ऐतिहासिक फिल्म का ट्रेलर 20 अप्रैल को बड़े स्तर पर लॉन्च किया जाएगा, जिसमें दर्शकों को हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के अद्भुत जीवन की झलक देखने को मिलेगी।

फिल्म में हिंदी और मराठी सिनेमा के कई दिग्गज कलाकार नजर आएंगे, जिनमें संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते, जिनिलिया देशमुख और रितेश देशमुख शामिल हैं।

जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म को ज्योति देशपांडे और जिनिलिया देशमुख ने प्रोड्यूस किया है। राजा शिवाजी 1 मई 2026 को मराठी, हिंदी और तेलुगु भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म भारतीय इतिहास को भव्यता और भावनाओं के साथ प्रस्तुत करने का वादा करती है।