सलूम्बर में बच्चों की मौत पर सख्त एक्शन, मुख्यमंत्री के निर्देश पर विशेषज्ञ टीम गठित

सलूम्बर में बच्चों की मौत पर सख्त एक्शन, मुख्यमंत्री के निर्देश पर विशेषज्ञ टीम गठित

अनन्य सोच। सलूम्बर जिले के दो गांवों में रहस्यमयी बीमारी से 5 बच्चों की मौत के मामले ने राज्य सरकार को सतर्क कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए गहन जांच के आदेश दिए हैं और प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों के स्वास्थ्य की सघन स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज उदयपुर के विशेषज्ञों की एक टीम गठित कर प्रभावित गांवों में भेजा है। यह टीम न केवल मौत के कारणों की जांच करेगी, बल्कि बीमारी की रोकथाम और उपचार के लिए जरूरी कदम भी सुनिश्चित करेगी। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों को लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हालात की समीक्षा की और अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। वहीं, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि प्रभावित गांवों और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें तैनात कर दी गई हैं।

इन टीमों द्वारा बुखार के लक्षण वाले बच्चों की घर-घर जाकर जांच की जा रही है। किसी भी बच्चे में लक्षण पाए जाने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है, जबकि गंभीर मामलों को जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज रेफर करने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटीलार्वा छिड़काव, फॉगिंग और सोर्स रिडक्शन जैसी गतिविधियां भी तेज कर दी गई हैं। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।