कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुआ एसआई भर्ती परीक्षा का प्रथम चरण, कल दूसरे चरण की बारी

कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुआ एसआई भर्ती परीक्षा का प्रथम चरण, कल दूसरे चरण की बारी

अनन्य सोच। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर प्रतियोगी परीक्षा-2025 का प्रथम चरण रविवार को प्रदेश के 26 जिलों में सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच परीक्षा केंद्रों पर पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की गई।

इस चरण के लिए कुल 3,85,020 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम सत्र में आयोजित सामान्य हिंदी परीक्षा में 2,32,470 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि द्वितीय सत्र की सामान्य ज्ञान परीक्षा में 2,30,863 उम्मीदवार उपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एजेंसियों की विशेष तैनाती के साथ-साथ तकनीकी निगरानी भी सुनिश्चित की गई, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता बनी रही।

कल होगा दूसरा चरण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार (6 अप्रैल) को परीक्षा का द्वितीय चरण आयोजित किया जाएगा। इस चरण में भी दो सत्र होंगे—प्रातः 11 से 1 बजे तक सामान्य हिंदी और दोपहर 3 से 5 बजे तक सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान का पेपर लिया जाएगा।

आयोग ने सभी केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए, ताकि आगामी चरण भी निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

इस भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह और उम्मीद का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में युवा अपने सपनों को साकार करने के लिए इस परीक्षा में भाग ले रहे हैं, जिससे यह परीक्षा राज्य की महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक बन गई है।