‘हरियालो राजस्थान’ की ओर बड़ा कदम: मानसून में 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य, तैयारियों में तेजी के निर्देश

‘हरियालो राजस्थान’ की ओर बड़ा कदम: मानसून में 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य, तैयारियों में तेजी के निर्देश

अनन्य सोच। Tree Plantation Drive: CM Bhajanlal Sharma ने वन एवं पर्यावरण विभाग की अहम बैठक में ‘हरियालो राजस्थान’ (Hariyalo Rajasthan) मिशन को गति देते हुए आगामी मानसून सीजन में 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं और इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

 (Green Rajasthan) मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रदेश के पर्यावरणीय संतुलन और भविष्य की सुरक्षा का आधार है। उन्होंने ‘नमो वन’ और ‘नमो नर्सरी’ परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हुए इनके कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उदयपुर, सिरोही और बांसवाड़ा जिलों में चंदन वन की स्थापना की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया।

(Environmental Mission) उन्होंने निर्देश दिए कि रेलवे परिसंपत्तियों, प्रमुख सड़कों के किनारे और चारागाह भूमि में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जाए। इसके लिए भारतीय रेलवे और सार्वजनिक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधारोपण के लिए स्थान चयन में राजस्व विभाग का सहयोग लिया जाए और मिट्टी की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए पौधे लगाए जाएं।

‘मिशन हरियालो राजस्थान’ के तहत गूलर के वृक्षारोपण को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों को निःशुल्क फलदार पौधे उपलब्ध कराने की योजना को भी मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने पहाड़ी और वन क्षेत्रों में ड्रोन सीडिंग तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने और अभयारण्यों में भी वृक्षारोपण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में एक नमो नर्सरी और प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर चरणबद्ध रूप से नमो वन विकसित किए जाएं।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 से 2028 तक 50 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें अब तक उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जा चुकी है।