एक डायलॉग, कई किरदार: इम्प्रोवाइजेशन तकनीक से मंच पर खिल उठी अभिनय प्रतिभा
अनन्य सोच। Acting Theatre Workshop: कला कर्म प्रोडक्शन हाउस की ओर से वैशाली नगर स्थित एस आर टॉवर में आयोजित एक्टिंग थियेटर वर्कशॉप इन दिनों उभरते कलाकारों के लिए हुनर निखारने का प्रभावी मंच बन रही है। बुधवार को वर्कशॉप में इम्प्रोवाइजेशन तकनीक पर आधारित विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को अभिनय की गहराई और विविधता को समझने का अवसर मिला।
इस सत्र के दौरान कलाकारों को एक ही डायलॉग को अलग-अलग अंदाज, भाव और परिस्थितियों में प्रस्तुत करने का अभ्यास कराया गया। इस प्रक्रिया के जरिए प्रतिभागियों ने सीखा कि कैसे एक ही संवाद को बदलते हाव-भाव और आवाज के उतार-चढ़ाव के साथ अलग-अलग किरदारों में ढाला जा सकता है। इससे उनकी कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली।
वर्कशॉप में वॉइस मॉड्यूलेशन और बॉडी एक्टिंग पर भी विशेष जोर दिया गया। कलाकारों को सिखाया गया कि आवाज की तीव्रता, गति और ठहराव के साथ-साथ शरीर की भाषा के माध्यम से किरदार को अधिक प्रभावशाली और जीवंत कैसे बनाया जा सकता है। इन तकनीकों के अभ्यास से प्रतिभागियों की मंचीय प्रस्तुति में स्वाभाविकता और प्रभावशीलता बढ़ी है।
फिल्म निर्देशक एवं वर्कशॉप के आयोजक विपिन शर्मा ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कलाकारों को हर परिस्थिति में सहज और रचनात्मक बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि इम्प्रोवाइजेशन तकनीक कलाकारों को मंच और कैमरे दोनों के लिए तैयार करती है और उनके अभिनय में नयापन लाती है।
इस अवसर पर चाइल्ड एक्टर अर्विक बैराठी, जितेश शर्मा, हर्ष, प्रदीप सोलंकी, यशोदा, कृष, निकिता सहित अन्य थिएटर कलाकार मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अभिनय की नई बारीकियों को सीखा और अपने हुनर को और निखारा।