ग्राम-2026 इन्वेस्टर मीट: राजस्थान के कृषि क्षेत्र में निवेश को मिलेगा वैश्विक संबल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों से की वन-टू-वन चर्चा, एग्रीटेक और निर्यात पर जोर

ग्राम-2026 इन्वेस्टर मीट: राजस्थान के कृषि क्षेत्र में निवेश को मिलेगा वैश्विक संबल

अनन्य सोच। ग्राम-2026 इन्वेस्टर मीट के तहत आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विभिन्न देशों के ट्रेड प्रतिनिधियों, उद्यमियों और स्टार्ट-अप्स से वन-टू-वन मुलाकात कर राजस्थान के कृषि क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाओं पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कनाडा, रूस, ऑस्ट्रेलिया, इटली, ब्राजील, वियतनाम और अर्जेंटीना के दूतावासों से आए वाणिज्यिक एवं कृषि प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर के विस्तार से राज्य के किसान सशक्त बनेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस इन्वेस्टर मीट के माध्यम से किसानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे एग्री प्रोडक्ट्स के निर्यात में वृद्धि होगी और किसानों की आय में सकारात्मक सुधार आएगा।

बैठक के दौरान कृषि एवं तकनीकी विषयों पर विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने रूस की ड्रोन तकनीक, कनाडा में एग्री प्रोसेसिंग मॉडल, पराली प्रबंधन, ब्राजील की तर्ज पर सोयाबीन उत्पादन बढ़ाने तथा मक्का से मेथेनॉल निर्माण जैसे विषयों पर प्रतिनिधियों से विचार साझा किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कृषि क्षेत्र में अग्रणी देशों के साथ समन्वय बढ़ाने के लिए विशेष अधिकारी नियुक्त किए जाएं, ताकि वैश्विक नवाचारों और उन्नत तकनीकों को राजस्थान के किसानों के हित में लागू किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन एग्री स्टार्टअप्स के लिए नए अवसरों का द्वार खोलेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

उल्लेखनीय है कि 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाले Global Rajasthan Agritech Meet के माध्यम से किसान, वैज्ञानिक, निवेशक और नीति-निर्माता एक साझा मंच पर आकर भविष्य की खेती के लिए नवाचारों को बढ़ावा देंगे।

इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, सहकारिता राज्यमंत्री गौतम कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ उपस्थित रहे।