आस्था, व्यंग्य और रहस्य का अनोखा संगम: ‘डुग डुग’ को मिला इंडस्ट्री के दिग्गजों का साथ, 8 मई को होगी भारत में रिलीज

अविनाश। फेस्टिवल्स में सराहना के बाद अनुराग कश्यप, निखिल आडवाणी, विक्रमादित्य मोटवाने और वासन बाला बने फिल्म के सहायक स्तंभ

आस्था, व्यंग्य और रहस्य का अनोखा संगम: ‘डुग डुग’ को मिला इंडस्ट्री के दिग्गजों का साथ, 8 मई को होगी भारत में रिलीज

अनन्य सोच। दुनियाभर के प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में सराहना बटोरने के बाद निर्देशक ऋत्विक पारेख की डेब्यू फिल्म ‘डुग डुग’ अब भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। यह अनोखी कॉमेडी-मिस्ट्री-सटायर फिल्म 8 मई को देशभर में दर्शकों के सामने आएगी। खास बात यह है कि इंडस्ट्री के चर्चित फिल्ममेकर अनुराग कश्यप, निखिल आडवाणी, विक्रमादित्य मोटवाने और वासन बाला इस फिल्म से एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े हैं, जिससे फिल्म को और मजबूती मिली है।

सच्ची घटनाओं से प्रेरित अनोखी कहानी
‘डुग डुग’ एक छोटे से गांव की विचित्र लेकिन दिलचस्प कहानी को सामने लाती है। फिल्म में दिखाया गया है कि एक व्यक्ति की मौत के बाद उसकी मोटरसाइकिल को लोग चमत्कानींरी मानने लगते हैं। गांव में यह धारणा बन जाती है कि अगर उस बाइक के सामने प्रार्थना की जाए और शराब चढ़ाई जाए, तो मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं। धीरे-धीरे यह आस्था इतनी बढ़ जाती है कि वह एक “धंधे में बदल चुके धर्म” का रूप ले लेती है। फिल्म समाज में फैलती अंधश्रद्धा और उसके व्यापारिक रूप पर तीखा व्यंग्य करती है।

ट्रेलर ने बढ़ाई उत्सुकता
हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसे अनुराग कश्यप, निखिल आडवाणी, विक्रमादित्य मोटवाने और वासन बाला ने लॉन्च किया। “ना जाने भगवान भी कौन-कौन से खेल खेलता है” जैसे संवाद से शुरू होने वाला यह ट्रेलर रहस्य और हास्य का शानदार मिश्रण पेश करता है। एक खोई हुई बाइक, उसका रहस्यमयी तरीके से वापस मिलना और उसके बाद गांव में फैलती आस्था—ये सब दर्शकों को फिल्म के प्रति उत्साहित करते हैं।

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिली पहचान
फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। इसके बाद इसे सांता बारबरा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न, इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ लॉस एंजेलिस, मामी मुंबई फिल्म फेस्टिवल और इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ केरल जैसे बड़े मंचों पर प्रदर्शित किया गया, जहां इसे खूब सराहा गया।

फिल्ममेकरों ने की खुलकर तारीफ
अनुराग कश्यप ने फिल्म की कहानी, सिनेमैटोग्राफी और म्यूजिक की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि यह फिल्म थिएटर में रिलीज होने की पूरी हकदार है। वहीं विक्रमादित्य मोटवाने ने इसे “बेहतरीन डेब्यू फिल्मों में से एक” बताते हुए कहा कि यह समाज और मान्यताओं पर एक सच्ची और मनोरंजक टिप्पणी है।

निखिल आडवाणी ने फिल्म को “ईमानदार भारतीय सिनेमा” बताया, जबकि वासन बाला ने इसके विजुअल्स और कहानी कहने के अंदाज़ को बेहद प्रभावशाली बताया।

निर्माण और कलाकार
फिल्म का निर्माण बॉटल रॉकेट पिक्चर्स के बैनर तले प्रेरणा पारेख और ऋत्विक पारेख ने किया है। भारत में इसे रंजन सिंह की Flip Films के सहयोग से रिलीज किया जाएगा। फिल्म में अल्ताफ खान, गौरव सोनी, योगेंद्र सिंह और दुर्गा लाल सैनी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

बड़े पर्दे के लिए बनी फिल्म
निर्देशक ऋत्विक पारेख का कहना है कि ‘डुग डुग’ को बड़े पर्दे पर देखना ही इसका असली अनुभव है। उन्होंने इंडस्ट्री के दिग्गजों के समर्थन को अपने लिए बेहद खास बताया और कहा कि यह उनके लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है।