Wedding Card Scam: शादी का कार्ड नहीं, साइबर बम! एक क्लिक में उड़ सकती है आपकी जमा-पूंजी—राजस्थान पुलिस का बड़ा अलर्ट

वेडिंग सीजन में व्हाट्सएप ई-इनवाइट बना ठगी का नया हथियार; भावनाओं से खेलकर मिनटों में खाली हो रहे बैंक खाते

Wedding Card Scam: शादी का कार्ड नहीं, साइबर बम! एक क्लिक में उड़ सकती है आपकी जमा-पूंजी—राजस्थान पुलिस का बड़ा अलर्ट

अनन्य सोच। Wedding Card Scam: शादियों के इस खुशनुमा मौसम में जहां हर घर में खुशियों की शहनाइयां गूंज रही हैं, वहीं साइबर अपराधी इस जश्न को अपना हथियार बना रहे हैं। अब ठगों ने लोगों को फंसाने के लिए एक बेहद चालाक और खतरनाक तरीका अपना लिया है—डिजिटल वेडिंग कार्ड। Rajasthan Police की साइबर क्राइम शाखा ने इस नए साइबर खतरे को लेकर प्रदेशभर में एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

एडीजी Cyber Crime वी.के. सिंह के निर्देश पर जारी इस चेतावनी में साफ कहा गया है कि (WhatsApp Scam) जालसाज व्हाट्सएप के जरिए शादी के निमंत्रण के नाम पर फर्जी लिंक और APK फाइल्स भेज रहे हैं। (Online Fraud) ये देखने में बिल्कुल असली लगते हैं, लेकिन इनका मकसद केवल एक होता है—आपकी निजी जानकारी चुराना और बैंक खाते को खाली करना। (Digital Security) डीआईजी साइबर क्राइम शांतनु कुमार सिंह के अनुसार, जैसे ही कोई व्यक्ति इन फाइल्स को डाउनलोड करता है या लिंक पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल फोन हैक हो सकता है और कुछ ही समय में उसकी वित्तीय सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है।

सबसे खतरनाक पहलू यह है कि ये साइबर ठग लोगों की भावनाओं का फायदा उठा रहे हैं। शादी का निमंत्रण ऐसा संदेश होता है, जिसे लोग बिना शक किए खोलते हैं। इसी भरोसे का फायदा उठाकर ठग अपने जाल को और मजबूत बना रहे हैं।

ठगी के 3 खतरनाक तरीके जो आपको जानना जरूरी है:

1. APK फाइल फ्रॉड:
इसमें आपको “Marriage.apk” नाम की फाइल भेजी जाती है, जो देखने में एक डिजिटल कार्ड जैसी लगती है। जैसे ही आप इसे इंस्टॉल करते हैं, आपके फोन का पूरा कंट्रोल हैकर के हाथ में चला जाता है।(Banking Fraud) वह आपके कैमरा, माइक्रोफोन, मैसेज और बैंकिंग ओटीपी तक पहुंच बना लेता है। इसके जरिए आपका बैंक अकाउंट कुछ ही मिनटों में खाली किया जा सकता है।

2. फिशिंग लिंक फ्रॉड:
इस तरीके में ठग आपको एक शॉर्ट लिंक भेजते हैं, जैसे bit.ly या tinyurl। लिंक पर क्लिक करते ही एक वेबसाइट खुलती है, जो बिल्कुल असली शादी के कार्ड जैसी दिखती है। यहां आपसे मोबाइल नंबर, ओटीपी या बैंक डिटेल्स मांगी जाती हैं। कई बार यह लिंक आपके फोन में बिना बताए स्पाइवेयर भी इंस्टॉल कर देता है।

3. इमोशनल ब्लैकमेल/अर्जेंसी ट्रिक:
यह सबसे खतरनाक तरीका है। इसमें साइबर अपराधी पहले आपके किसी जानने वाले का व्हाट्सएप अकाउंट हैक करते हैं। फिर उसी के नाम से मैसेज भेजते हैं—“भाई, शादी का कार्ड भेजा है, जल्दी देखकर बताओ वेन्यू सही है या नहीं।” परिचित का नाम देखकर लोग तुरंत लिंक खोल देते हैं और ठगी का शिकार बन जाते हैं।

बचाव ही सबसे बड़ा उपाय—अपनाएं ये स्मार्ट टिप्स:

  • किसी भी फाइल को खोलने से पहले उसका एक्सटेंशन जरूर चेक करें। “.apk” फाइल कभी भी शादी का कार्ड नहीं हो सकती।

  • अपने मोबाइल में “Google Play Protect” को हमेशा ऑन रखें, ताकि अनजान ऐप्स से सुरक्षा मिल सके।

  • यदि किसी रिश्तेदार या दोस्त के नंबर से संदिग्ध लिंक या कार्ड आए, तो पहले उन्हें कॉल करके पुष्टि करें।

  • शॉर्ट लिंक (bit.ly, tinyurl) पर क्लिक करने से पहले दो बार सोचें।

  • किसी भी वेबसाइट पर अपनी बैंकिंग या निजी जानकारी साझा करने से बचें।

अगर हो जाए ठगी, तो तुरंत करें ये काम: (Cyber Awareness) 
अगर आप या आपका कोई परिचित इस तरह की साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो बिना समय गंवाए तुरंत कार्रवाई करें। राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। (Cyber Helpline) इसके अलावा 9256001930 और 9257510100 नंबरों पर साइबर हेल्पडेस्क से संपर्क करें। ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने के लिए https://cybercrime.gov.in पोर्टल का उपयोग करें। साथ ही, अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर पुलिस स्टेशन में तुरंत रिपोर्ट करें।

आज के डिजिटल दौर में जहां हर सुविधा एक क्लिक पर उपलब्ध है, वहीं खतरे भी उतनी ही तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी ढाल है। एक छोटी सी लापरवाही आपकी जिंदगी भर की कमाई को खतरे में डाल सकती है। इसलिए अगली बार जब आपके फोन पर कोई शादी का ई-कार्ड आए, तो उसे खोलने से पहले जरूर सोचें—कहीं यह खुशियों का निमंत्रण नहीं, बल्कि साइबर ठगी का जाल तो नहीं!