आईसीए गैलरी में ‘सिटी ऑफ आर्टिस्ट्स’ सेशन, रचनात्मकता और संस्कृति पर हुआ गहन संवाद

कला, विधि और सांस्कृतिक जगत के विशेषज्ञों ने साझा किए विचार, शहर के कला प्रेमियों की रही उल्लेखनीय उपस्थिति

आईसीए गैलरी में ‘सिटी ऑफ आर्टिस्ट्स’ सेशन, रचनात्मकता और संस्कृति पर हुआ गहन संवाद

अनन्य सोच। सी-स्कीम स्थित आईसीए गैलरी में शनिवार को आयोजित विशेष संध्या में कला, संस्कृति और विधि जगत से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आयोजन को सार्थक बनाया। इस अवसर पर ‘सिटी ऑफ आर्टिस्ट्स’ विषय पर आयोजित सेशन में देश के प्रसिद्ध बौद्धिक संपदा सलाहकार सफ़िर आनंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस संवादात्मक सेशन में सफ़िर आनंद ने सोशल एंटरप्रिन्योर साधना गर्ग के साथ बातचीत करते हुए बौद्धिक संपदा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक परिदृश्य के बीच गहरे संबंधों पर अपने विचार साझा किए। उनके अनुभवों ने उपस्थित दर्शकों को नई दृष्टि और समझ प्रदान की।

कार्यक्रम में गैलरी के निदेशक विजेन्द्र और अभिनव बंसल, आर्ट हिस्टोरियन एवं कलेक्टर मिचेल एस क्राइट्स, सुनीता शेखावत, इतिहासकार रीमा हूजा और आर्किटेक्ट रितु खंडेलवाल सहित शहर के अनेक प्रमुख कला प्रेमी, कलाकार और गणमान्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अमित शर्मा की पुस्तक ‘100 डेफिनेशन ऑफ़ लव’ का विमोचन मिचेल एस क्राइट्स द्वारा किया गया। सेशन के बाद आयोजित ओपन टॉक शो ने दर्शकों को सक्रिय भागीदारी का अवसर दिया, जिससे कार्यक्रम और भी रोचक बन गया।

साथ ही गीतकार अर्जन सिंह की लाइव संगीत प्रस्तुति ने संध्या को मधुर और यादगार बना दिया।

आईसीए गैलरी ऐसे आयोजनों के माध्यम से कला, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों के बीच सेतु का कार्य करते हुए जयपुर के सांस्कृतिक परिदृश्य को समृद्ध करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।