अजमेर में जलभराव से राहत की बड़ी पहल: केसरबाग पुलिया पर 6.4 करोड़ खर्च, 15 मई से शुरू होगा काम

पुलिया का होगा चौड़ीकरण-ऊंचाईकरण, पुलिस लाइन नाले का 3 करोड़ से कायाकल्प; मानसून से पहले राहत देने की तैयारी

अजमेर में जलभराव से राहत की बड़ी पहल: केसरबाग पुलिया पर 6.4 करोड़ खर्च, 15 मई से शुरू होगा काम

अनन्य सोच। अजमेर शहर में हर वर्ष मानसून के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के प्रयासों से केसरबाग पुलिया के चौड़ीकरण एवं ऊंचाईकरण के प्रस्ताव को राज्य स्तर पर मंजूरी मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 6.4 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि पुलिस लाइन नाले के कायाकल्प के लिए 3 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

नगर निगम द्वारा इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संभावना है कि 15 मई से पहले निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। यह परियोजना शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

अजमेर में केसरबाग एवं आसपास के क्षेत्रों में बरसात के दौरान लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए विधानसभा अध्यक्ष लगातार प्रयासरत रहे हैं और अधिकारियों के साथ नियमित बैठकें कर दिशा-निर्देश देते रहे हैं।

श्री देवनानी ने अजमेर विकास प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्य निर्धारित समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आगामी मानसून से पहले शहरवासियों को राहत मिल सके।

उल्लेखनीय है कि राज्य बजट वर्ष 2026-27 में अजमेर के लिए 200 करोड़ रुपये की व्यापक ड्रेनेज योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही आनासागर एस्केप चैनल की सफाई के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि वर्षा के दौरान जल निकासी में कोई बाधा उत्पन्न न हो। नगर निगम ने इन निर्देशों के पालन में ब्रह्मपुरी नाले की सफाई शुरू कर दी है।

इस पूरी पहल से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में अजमेर शहर को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिलेंगी।