जयपुर में सोमवार का ‘ट्रैफिक अलर्ट’: एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक रास्ते बदलेंगे, निकलने से पहले जान लें पूरी प्लानिंग!
अविनाश। वीआईपी मूवमेंट के चलते शहर में व्यापक डायवर्जन
अनन्य सोच। सोमवार को एयरपोर्ट से ओटीएस होते हुए भाजपा कार्यालय तक प्रस्तावित कार्यक्रम के चलते शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदलने वाली है। जयपुर पुलिस ने सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने की योजना बनाई है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे घर से निकलने से पहले मार्ग की जानकारी जरूर लें।
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा असर
एयरपोर्ट से ओटीएस और आगे भाजपा कार्यालय तक सामान्य यातायात को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। जवाहर सर्किल, दुर्गापुरा बस स्टैंड, खंडाका कट (टोंक रोड) और जयपुरिया अस्पताल क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।
इसी तरह गोपालपुरा पुलिया, केवी-03 तिराहा, बजाज नगर तिराहा और गांधी सर्किल की ओर जाने वाले मार्गों पर भी डायवर्जन रहेगा।
शहर के व्यस्त सर्किल और मार्ग भी प्रभावित
टोंक रोड, तुलसी सर्किल, जेएलएन मार्ग, रामबाग सर्किल, अंबेडकर सर्किल और स्टेच्यू सर्किल जैसे प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना है। आरबीआई तिराहा, विधानसभा तिराहा, सहकार मार्ग और 22 गोदाम पुलिया क्षेत्र में भी यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी
रॉयल्टी तिराहा, गांधी नगर मोड़, चौमूं हाउस चौराहा और रामबाग टी-पॉइंट के बीच ट्रैफिक को स्थिति के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस द्वारा इन क्षेत्रों में अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहेगा, ताकि यातायात सुचारू बना रहे।
पार्किंग के लिए अलग व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान बसों, चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। इससे मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
आमजन के लिए जरूरी सलाह
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, समय से पहले घर से निकलें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। साथ ही ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपडेट लेते रहें।