आरजीएचएस सेवाएं सुचारू करने की मांग तेज, शासन सचिव से हुई अहम वार्ता

कर्मचारियों और पेंशनर्स की समस्याओं पर चर्चा, कैशलेस सुविधा बहाल करने का आश्वासन

आरजीएचएस सेवाएं सुचारू करने की मांग तेज, शासन सचिव से हुई अहम वार्ता

अनन्य सोच। राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरजीएचएस (राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम) सेवाओं को शीघ्र सुचारू करने की मांग को लेकर अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) ने बुधवार को चिकित्सा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ से महत्वपूर्ण बैठक की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ ने किया।

बैठक के दौरान कर्मचारियों और पेंशनर्स को आरजीएचएस के तहत इलाज में आ रही विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से अस्पतालों में कैशलेस सुविधा बाधित होने, लंबित भुगतान और उपचार में हो रही देरी जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए। महासंघ पदाधिकारियों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण हजारों लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है।

महासंघ ने सरकार से मांग की कि आरजीएचएस सेवाओं को जल्द से जल्द पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए और अस्पतालों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारियों और पेंशनर्स की समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।

प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विभाग इस मुद्दे को गंभीरता से ले रहा है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही चिकित्सा सेवाएं पहले की तरह व्यवस्थित कर दी जाएंगी और लाभार्थियों को राहत मिलेगी।

बैठक को सकारात्मक बताते हुए महासंघ ने उम्मीद जताई कि सरकार के त्वरित प्रयासों से जल्द ही कर्मचारियों और पेंशनर्स को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।