अल्बर्ट हॉल में सजेगी ‘रंग-ए-राजस्थान’ की शाम: लोक संस्कृति, संगीत और नृत्य का भव्य उत्सव

अल्बर्ट हॉल में सजेगी ‘रंग-ए-राजस्थान’ की शाम: लोक संस्कृति, संगीत और नृत्य का भव्य उत्सव

 Ananya soch: Rajasthan Day 2026

अनन्य सोच। Jaipur Events: राजस्थान दिवस के अवसर पर 19 मार्च (गुरुवार) को पर्यटन विभाग की ओर से जयपुर के ऐतिहासिक Albert Hall प्रांगण में शाम 7 बजे भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार के निर्णय अनुसार इस वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को राजस्थान दिवस मनाया जा रहा है, जिसे लेकर पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल है। अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने बताया कि इस गरिमामयी आयोजन में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में पद्मश्री अनवर खां मांगणियार और पद्मश्री तगाराम भील के दल अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। सांस्कृतिक संध्या में घूमर, कालबेलिया, चरी, कच्छी घोड़ी, भवाई, गैर, चंग-ढप और कथक जैसे पारंपरिक नृत्यों का आकर्षक प्रदर्शन होगा। 100 से अधिक लोक कलाकारों और कथक नर्तकों की सहभागिता से यह आयोजन भव्य और रंगारंग बनेगा। साथ ही आकर्षक कोरियोग्राफी और आतिशबाजी कार्यक्रम को और खास बनाएगी।

इसके अतिरिक्त, कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग द्वारा भी जयपुर सहित पूरे प्रदेश में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जवाहर कला केंद्र में सुबह ‘मॉर्निंग रागा’, ब्रजभाषा कवि सम्मेलन, फूलों की होली, मांड व ग़ज़ल गायन तथा शाम को रेतीला बैंड की फ्यूजन प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

यह आयोजन राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और कला के जीवंत उत्सव के रूप में प्रदेशवासियों और पर्यटकों के लिए यादगार साबित होगा।