Sikar Health Department: 9 फरवरी को मनाया जाएगा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस, गर्भवती महिलाओं को मिलेगी निशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा
Ananya soch: Sikar Health Department
अनन्य सोच। सीकर जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार 9 फरवरी को सभी सरकारी चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जाएगा. इस अवसर पर (Safe Motherhood Scheme) गर्भवती महिलाओं की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच की जाएगी और उन्हें गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों एवं सुरक्षित प्रसव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी.
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि (Maternal Health Services) गर्भावस्था और प्रसव के दौरान होने वाले जोखिम को कम करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 9, 18 और 27 तारीख को जिले के सभी सरकारी चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस आयोजित किया जाता है. जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाएंगी.
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल सिंह ने बताया कि इस दिन गर्भवती महिलाओं की हिमोग्लोबिन, एचआईवी, सिफलिस, ब्लड प्रेशर, तापमान, हृदय स्पंदन सहित प्रसव से जुड़ी संभावित जटिलताओं की जांच की जाएगी. इसके साथ ही पीसीटीएस सॉफ्टवेयर में पंजीकृत दूसरी और तीसरी तिमाही की गर्भवती महिलाओं को (Free Sonography Voucher) मॉ वाउचर योजना के तहत सोनोग्राफी के लिए कूपन प्रदान किए जाएंगे. (Pregnant Women Care) इन कूपनों के माध्यम से गर्भवती महिलाएं विभाग द्वारा अधिकृत किसी भी निजी सोनोग्राफी केंद्र पर निःशुल्क सोनोग्राफी करवा सकेंगी.
स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर समय पर जांच करवाएं और सुरक्षित मातृत्व की दिशा में कदम बढ़ाएं.