“चलती बाइक पर शर्मनाक हरकत: जयपुर में युवती से छेड़छाड़ करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, वायरल वीडियो से खुला राज”

शराब पार्टी के बाद स्टंट वीडियो बनाते समय की गई हरकत, 500 CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने पकड़े आरोपी

“चलती बाइक पर शर्मनाक हरकत: जयपुर में युवती से छेड़छाड़ करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, वायरल वीडियो से खुला राज”

अनन्य सोच। जयपुर में चलती बाइक पर युवती से छेड़छाड़ के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुहाना थाना पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी शराब पार्टी के बाद बाइक स्टंट करते समय इस शर्मनाक घटना को अंजाम दे रहे थे। 

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मनराज मीणा, सुदामा मीणा, महेश बंजारा और लोकेश बंजारा शामिल हैं। इनमें से एक आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर आरोपियों को दौसा से गिरफ्तार किया।

वायरल वीडियो बना सबूत

10 अप्रैल को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में चलती बाइक पर युवती से छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। जांच में पता चला कि यह घटना मुहाना क्षेत्र में सूरजमल सर्किल से न्यू सांगानेर रोड के बीच हुई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खुद एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू की। 

CCTV और साइबर जांच से खुलासा

करीब 500 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने और साइबर जांच के बाद आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने हुलिए के आधार पर संदिग्धों को चिन्हित कर दबिश दी और उन्हें गिरफ्तार किया। 

पहले की घटना, अब हुआ खुलासा

जांच में सामने आया कि यह घटना 27 दिसंबर की है, जब आरोपी शराब पार्टी के बाद बाइक स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने युवती के साथ छेड़छाड़ कर उसका वीडियो बनाया और बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।