जयपुर में 12 अप्रैल को होगा विजय राही के कविता संग्रह का लोकार्पण
अनन्य सोच। युवा कवि विजय राही के प्रथम हिन्दी कविता संग्रह ‘दूर से दिख जाती है बारिश’ का लोकार्पण 12 अप्रैल 2026 (रविवार) को अपराह्न 3:00 बजे राजस्थान प्रौढ़ शिक्षण समिति, जयपुर के सभागार में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रगतिशील लेखक संघ, जयपुर एवं राजस्थान प्रौढ़ शिक्षण समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। इस पुस्तक का प्रकाशन राजकमल प्रकाशन समूह, नई दिल्ली द्वारा किया गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि ऋतुराज करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ कथाकार-आलोचक डॉ. हेतु भारद्वाज तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कवि विनोद पदरज की उपस्थिति रहेगी। इसके अलावा राजाराम भादू, डॉ. सत्यानारायण, केशव तिवारी, अजंता देव, आर. चेतन क्रांति, विशाल विक्रम सिंह और संतोष अर्श जैसे साहित्यकार अपने विचार व्यक्त करेंगे।
कार्यक्रम का संयोजन माधुरी द्वारा किया जाएगा, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नवल पांडे प्रस्तुत करेंगे। इस अवसर पर कवि विजय राही अपने कविता संग्रह से चुनिंदा कविताओं का पाठ भी करेंगे, जिससे साहित्य प्रेमियों को उनकी रचनात्मकता को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
विजय राही का जन्म 3 फरवरी 1990 को लालसोट (दौसा) के बिलौना कलाँ गांव में हुआ। वे हिन्दी, उर्दू और राजस्थानी भाषाओं में समान रूप से सक्रिय हैं। उनकी कविताएं राजस्थान साहित्य अकादमी, रज़ा फाउंडेशन, इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल और अन्य राष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुत की जा चुकी हैं। दूरदर्शन और आकाशवाणी से भी उनका काव्य प्रसारित हो चुका है। वर्तमान में वे राजकीय महाविद्यालय, कानोता (जयपुर) में हिन्दी के सहायक प्रोफेसर हैं।