आरोग्यम मेला से आयुर्वेद का संदेश, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने किया स्वस्थ जीवनशैली का आह्वान
Ananya soch: ArogyaMela
अनन्य सोच। बूंदी में आयोजित संभाग स्तरीय आरोग्यम मेला के समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने आयुष पद्धतियों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध एवं होम्योपैथी केवल रोग उपचार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह व्यक्ति को स्वस्थ बनाए रखने की प्रभावी जीवन पद्धति हैं. उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए आयुष का संदेश जन-जन तक पहुँचाना समय की आवश्यकता है.
डॉ. बैरवा ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयुष को राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया भारतीय परंपरागत चिकित्सा पद्धतियों की ओर आकर्षित हो रही है.
आरोग्यम मेले के माध्यम से आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, विभिन्न जांच सुविधाएँ, औषधि वितरण और योग प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया, जिससे समाज के हर वर्ग को प्रत्यक्ष लाभ मिला. यह मेला स्वास्थ्य जागरूकता और निरोगी जीवन की दिशा में एक सशक्त पहल साबित हुआ.
उप मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए आयुष विभाग, चिकित्सकों, वैद्यगण, स्वयंसेवकों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं.
इस अवसर पर पूर्व विधायक ओमप्रकाश शर्मा, रामेश्वर मीणा, राजकुमार, डॉ. अंजना शर्मा, डॉ. मालती पारीक और कालूराम जांगिड सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे.